मथुरा में शादी में हुई ‘महाभारत’: बरातियों और पूर्व पार्षद तिलकवीर पक्ष में खूनी झड़प, फायरिंग से मची भगदड़

बीएसए रोड पर शादी समारोह बना जंग का मैदान, 20-25 लोगों ने किया हमला; कई लोग घायल, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

मथुरा । महानगर के थाना कोतवाली क्षेत्र के बीएसए रोड स्थित एक शादी समारोह उस समय जंग के मैदान में तब्दील हो गया जब किसी बात पर हुए मामूली विवाद ने देखते-देखते हिंसक रूप ले लिया। बारातियों और स्थानीय पूर्व पार्षद तिलक वीर चौधरी के पक्ष के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई। एक वीडियो में तिलक वीर और एक युवक आपस में खूब गुत्थमगुत्था होते दिखाई दे रहे हैं। इस बीच फायरिंग की घटना से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मथुरा जंक्शन के पास गोपाल नगर, नगला चन्द्रभान निवासी प्रमोद कुमार की पुत्री की शादी का कार्यक्रम बीएसए रोड स्थित एक मैरिज स्थल पर चल रहा था। इसी दौरान करीब 20 से 25 लोग मौके पर पहुंचे और किसी बात को लेकर बारातियों से कहासुनी हो गई। बारात राजस्थान के डीग कस्बे से आई थी।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दौरान बारातियों और पूर्व पार्षद पति तिलक वीर चौधरी के बीच जमकर मारपीट हो गई। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लात-घूंसे के साथ कुर्सियां चलने लगीं। झड़प में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। चर्चा है कि एक महिला को छर्रे भी लगे हैं। हंगामे के बीच फायरिंग होने की भी बात सामने आई है, जिससे शादी समारोह में मौजूद मेहमानों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वायरल वीडियो में भी लोगों के बीच जमकर मारपीट और अफरा-तफरी का माहौल साफ देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोगों ने हवाई फायरिंग भी की। फिलहाल घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान एक पुलिसकर्मी को वह पिस्टल मिल गई जिससे गोली चली थी उसको छिनने के लिए कुछ लोग पुलिस कर्मी से जद्दोजहद करते देखे गए हैं। इसकी भी कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है।