मथुरा में एसआई भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी, 17 केंद्रों पर 9000 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

मथुरा। प्रदेश में होने वाली पुलिस उपनिरीक्षक एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर जनपद में प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 14 व 15 मार्च को आयोजित की जाएगी। प्रदेश भर में करीब 4300 पदों के लिए लगभग साढ़े चार लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

जनपद मथुरा में इस परीक्षा के लिए 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां लगभग 9000 परीक्षार्थी दो दिनों में आयोजित होने वाली परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है।

परीक्षा के लिए प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है जबकि पुलिस विभाग की ओर से एसपी (सिटी) राजीव कुमार व्यवस्था की निगरानी करेंगे। परीक्षा के ऑब्जर्वर के रूप में आगरा नारकोटिक्स में तैनात सीओ उमेश पवार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी।

इसके साथ ही परीक्षा के दौरान नकल पर अंकुश लगाने के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट और साइबर कैफे की दुकानों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।