राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मथुरा आई : छात्राओं की कला को सराहा, मेधावियों को बांटेंगी मेडल

मथुरा। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सोमवार सुबह दो दिवसीय भ्रमण पर कान्हा की नगरी मथुरा पहुंचीं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान (वेटेरिनरी कॉलेज) के हेलीपैड पर उतरते ही जिलाधिकारी सीपी सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार और विश्वविद्यालय के कुलपति ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।
अपने प्रवास के पहले दिन राज्यपाल ने कॉलेज परिसर का बारीकी से भ्रमण किया। परिसर की दीवारों पर छात्राओं द्वारा बनाई गई रचनात्मक वॉल पेंटिंग को देखकर उन्होंने न केवल रुककर उन्हें निहारा, बल्कि छात्राओं की कलात्मक सोच की जमकर सराहना भी की।
शाम के सत्र में राज्यपाल ने वृंदावन राजकीय बालिका गृह का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं देखीं। वेटेरिनरी परिसर स्थित फिशरीज महाविद्यालय और कृष्णा गर्ल्स हॉस्टल का भ्रमण किया। हॉस्टल में छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। संवाद के दौरान एक उत्साहित छात्र ने राज्यपाल को उनका हाथ से बना हुआ सजीव चित्र भेंट किया, जिसे देख राज्यपाल अभिभूत नजर आईं।
मंगलवार को दौरे के दूसरे दिन सुबह 11 बजे राज्यपाल वेटेरिनरी विश्वविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण एवं रजत पदक प्रदान कर उन्हें सम्मानित करेंगी। इसके साथ ही, महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम के तहत वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किटों का वितरण भी करेंगी।
राज्यपाल के आगमन को देखते हुए जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। वेटेरिनरी कॉलेज से लेकर वृंदावन तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात पुलिस ने विशेष रूट प्लान लागू किया है ताकि राज्यपाल का काफिला जाम में न फंसे और आम जनता को भी कम से कम असुविधा हो।