सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर मथुरा आएंगी प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन, द्वारकाधीश मंदिर में करेंगी दर्शन
पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
मथुरा । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 9 और 10 मार्च को दो दिवसीय दौरे पर मथुरा आएंगी। जारी कार्यक्रम के अनुसार वह 9 मार्च की सुबह लखनऊ से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा मथुरा के लिए प्रस्थान करेंगी और सुबह लगभग 10:35 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान के हेलीपैड पर पहुंचेंगी।
मथुरा पहुंचने के बाद राज्यपाल विश्वविद्यालय के अतिथि गृह जाएंगी। इसके बाद वह वृंदावन के चैतन्य विहार फेज-2 स्थित राजकीय बालिका गृह का निरीक्षण करेंगी। दोपहर में विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में विश्राम और भोजन का कार्यक्रम निर्धारित है। शाम करीब 5 बजे राज्यपाल मथुरा स्थित द्वारिकाधीश मंदिर पहुंचकर भगवान द्वारिकाधीश के दर्शन-पूजन करेंगी। दर्शन के बाद वह पुनः विश्वविद्यालय के अतिथि गृह लौटेंगी, जहां उनका रात्रि विश्राम होगा।
10 मार्च को सुबह 10 बजे से राज्यपाल पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस दौरान आंगनबाड़ी किट वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। दोपहर बाद भोजन और मुलाकात के कार्यक्रम के पश्चात राज्यपाल दोपहर 2:55 बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगी।