मथुरा की सांसद हेमा मालिनी बनीं ‘भारत-दक्षिण अफ्रीका संसदीय मैत्री समूह’ की अध्यक्ष
मथुरा । स्थानीय सांसद और प्रख्यात अभिनेत्री श्रीमती हेमा मालिनी की उपलब्धियों में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। भारत के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें ‘भारत-दक्षिण अफ्रीका संसदीय मैत्री समूह’का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति वर्तमान 18वीं लोकसभा के कार्यकाल के लिए की गई है। लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार सांसद हेमा मालिनी अब दक्षिण अफ्रीका के साथ संसदीय और कूटनीतिक संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ करने की दिशा में कार्य करेंगी। इस समूह का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के सांसदों के बीच संवाद बढ़ाना और आपसी हितों, व्यापार व संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग को मजबूती देना है।
मथुरावासियों में हर्ष की लहर
हेमा मालिनी को मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से उनके संसदीय क्षेत्र मथुरा में खुशी का माहौल है। स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों और ब्रजवासियों ने इस नियुक्ति को मथुरा के लिए गौरव की बात बताया है। सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा का कहना है कि हेमा मालिनी की असाधारण कार्यक्षमता और वैश्विक पहचान के कारण उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी के लिए चुना गया है जो देश और मथुरा दोनों के लिए सम्मान की बात है।
संसदीय मैत्री समूह अंतरराष्ट्रीय कूटनीति का एक अहम हिस्सा होते हैं। अध्यक्ष के रूप में हेमा मालिनी भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच संसदीय आदान-प्रदान कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगी जिससे दोनों देशों के लोकतंत्र और द्विपक्षीय संबंध और अधिक सशक्त होंगे।