नई दिल्ली । इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर बड़ा हमला किया है। इजरायल और अमेरिका ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई मिलाइलें दागी हैं। वहीं ईरान ने भी पलटवार किया है। जिसके बाद मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया। तेहरान में हुए हमले के बाद ईरान ने चेतावनी दी है कि इजरायल और अमेरिका के हमलों का पूरी मजबूती के साथ जवाब दिया जाएगा। ईरान को हूती और हिजबुल्लाह का साथ मिल गया है। जिसके बाद लेबनान से हिजबुल्लाह और यमन के हूती विद्रोहियों ने भी इजरायल पर मिसाइलें दागी है।
इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्स ने बयान जारी कर पूरे इसराइल में ‘विशेष और स्थायी आपातकाल स्थिति’ की घोषणा कर दी है। वहीं ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ने ईरान में ‘बड़ा युद्ध अभियान’ शुरू किया है। ट्रंप ने कहा है कि, “हमारा लक्ष्य ईरानी शासन से उत्पन्न होने वाले ख़तरे को ख़त्म करके अमेरिकी लोगों की रक्षा करना है।
वहीं कई ईरानी समाचार एजेंसियों ने पुष्टि की है कि ईरान के विभिन्न शहरों में विस्फोटों की आवाज़ें सुनी गई हैं। तेहरान के अलावा, करमानशाह, क़ोम, लोरेस्तान, कराज और तबरीज़ उन शहरों में शामिल हैं जहां इन मीडिया आउटलेट्स ने विस्फोटों की पुष्टि की है। इसराइली अधिकारियों का कहना है कि ईरान पर हमले के बाद शनिवार को उनके हवाई क्षेत्र को नागरिक उड़ानों के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं ईरान के नागरिक उड्डयन संगठन के प्रवक्ता माजिद अखवान ने घोषणा की है कि ” पूरे देश का हवाई क्षेत्र अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है।