रंगभरी एकादशी पर भक्तों को बड़ी सौगात : ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर से लाइव स्ट्रीमिंग सेवा का शुभारंभ, अब घर बैठे होंगे दिव्य दर्शन

वृंदावन । विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के भक्तों के लिए रंगभरी एकादशी का पर्व इस बार ऐतिहासिक सौगात लेकर आया है। शुक्रवार को मंदिर प्रांगण से आधिकारिक रूप से सजीव प्रसारण (लाइव स्ट्रीमिंग) सेवा का शुभारंभ किया गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के क्रम में गठित ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी, वृंदावन, मथुरा के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अशोक कुमार ने मंदिर परिसर में लाइव प्रसारण/स्ट्रीमिंग का विधिवत उद्घाटन किया।

इस नई व्यवस्था के शुरू होने से अब देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों श्रद्धालु घर बैठे अपने आराध्य ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के साक्षात दर्शन कर सकेंगे और तीनों आरतियों का लाभ उठा पाएंगे। उद्घाटन अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर नगर मजिस्ट्रेट वृंदावन राजकुमार चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में गठित ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए लगातार ऐतिहासिक कदम उठा रही है। दर्शनार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए और हर भक्त को सुलभ दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह तकनीकी पहल की गई है। इससे न केवल मंदिर परिसर की व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि दूर-दराज के श्रद्धालु भी ठाकुर जी से सीधे जुड़ सकेंगे।

इस अवसर पर न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अशोक कुमार ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत गठित इस कमेटी का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना है। लाइव स्ट्रीमिंग और बड़ी स्क्रीन के माध्यम से मंदिर में भीड़ का दबाव कम होगा और व्यवस्थाएं अधिक सुदृढ़ होंगी। उन्होंने कहा कि जो भक्त शारीरिक रूप से वृंदावन नहीं आ पाते, वे भी तकनीक के माध्यम से ठाकुर जी की कृपा और दर्शन का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

5 एडवांस कैमरे और 6 बड़ी एलईडी स्क्रीन से जुड़े भक्त

मंदिर प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर के भीतर और बाहर कुल 6 बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। प्रवेश द्वार (गेट नंबर-2 व 3), निकास द्वार (गेट नंबर-1) और गेट नंबर-4 के सामने बड़ी स्क्रीन स्थापित की गई हैं। मंदिर के अंदर 5 अत्याधुनिक कैमरों और 4 बड़ी टीवी स्क्रीनों के जरिए हर श्रद्धालु को ठाकुर जी की दिव्य झलक मिलेगी। यह पूरा अत्याधुनिक सेटअप नोएडा की सुयोग्य मीडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित किया गया है। प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तथा शाम 4:00 बजे से रात 9:00 बजे तक लाइव दर्शन उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान श्रृंगार, राजभोग और शयनभोग—तीनों आरतियों का सीधा प्रसारण किया जाएगा।

श्रद्धालु मंदिर के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स—YouTube, Facebook, Instagram और X पर जुड़कर प्रतिदिन ठाकुर जी के दिव्य दर्शन कर सकते हैं।

लाइव दर्शन के लिए आधिकारिक लिंक:
YouTube: https://www.youtube.com/@Thakurji.ShriBankeBihariji⁠�
Facebook: https://www.facebook.com/thakurjishribankebihariji/⁠�
Instagram: https://www.instagram.com/thakurjishribankebihariji/⁠�
X: https://x.com/ThakurjiSBBji⁠�