मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि की लठामार होली को लेकर नो-एंट्री , ट्रैफिक एडवायजरी जारी
मथुरा । विश्वप्रसिद्ध ब्रज की होली के मुख्य आयोजन ‘रंगोत्सव’ के लिए धर्मनगरी पूरी तरह तैयार है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर 26 और 27 फरवरी को आयोजित होने वाले भव्य उत्सव में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मथुरा पुलिस ने पुख्ता ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर शहर के हृदय स्थल की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।
आज रात 8 बजे से लागू होगा डायवर्जन
एसपी ट्रैफिक के अनुसार, डायवर्जन प्लान आज (26 फरवरी) की रात 20:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान गोवर्धन चौराहा, मंडी चौराहा और मसानी चौराहा से किसी भी प्रकार के भारी वाहन, रोडवेज बस या ट्रैक्टर को शहर की सीमा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। रोडवेज बसें केवल माल गोदाम रोड होकर बस स्टैंड तक जा सकेंगी।
जन्मभूमि की ओर नहीं चलेंगे ई-रिक्शा और चार पहिया प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भूतेश्वर तिराहा, मसानी चौराहा और डींग गेट से श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर जाने वाले सभी चार पहिया वाहन, टेम्पो और ई-रिक्शा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। श्रद्धालु पैदल या प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट का ही पालन कर सकेंगे।
कहाँ खड़ी करें अपनी गाड़ी? (पार्किंग व्यवस्था)
प्रशासन ने बाहरी जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 17 से अधिक पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं:
वृंदावन रोड व NH-19: यहाँ कुल 6 पार्किंग पॉइंट बनाए गए हैं।
टैंक चौराहा से होलीगेट/भूतेश्वर: यहाँ 5 पार्किंग स्थल उपलब्ध रहेंगे।
गोकुल रेस्टोरेंट व कृष्णापुरी रोड: यहाँ भी 2-2 पार्किंग जोन बनाए गए हैं।
मुख्य बातें:
प्रतिबंध: लक्ष्मी नगर से NCC तिराहा और स्टेट बैंक से भूतेश्वर की ओर भारी वाहन वर्जित।
विकल्प: बस स्टैंड से भूतेश्वर जाने वाली बसें अब माल गोदाम मार्ग का प्रयोग करेंगी।