मथुरा में खाद्य माफिया पर बड़ा प्रहार: 718 किलो सरसों तेल सीज, 200 किलो खोया नष्ट, 12 नमूने जांच को भेजे
होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, ऑयल मिलों पर छापेमारी, लाखों का माल जब्त
मथुरा।
लखनऊ मुख्यालय द्वारा गठित विशेष सचल दल ने जनपद मथुरा में मिलावटी एवं घटिया खाद्य पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की। टीम में शामिल फर्रूखाबाद व उन्नाव के अधिकारियों ने ऑयल मिलों पर छापेमारी करते हुए 718 किलो सरसों का तेल सीज किया तथा करीब 200 किलो खराब खोया नष्ट कराया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों से कुल 12 खाद्य नमूने जांच के लिए भरे गए।
आगामी होली व रंगोत्सव पर्व को देखते हुए आमजन एवं श्रद्धालुओं को शुद्ध व गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी सीपी सिंह के निर्देश पर मुख्यालय स्तर से लगातार निगरानी की जा रही है।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ द्वारा गठित विशेष दल में फर्रूखाबाद के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान, उन्नाव के खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशीष तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी उपासना शामिल रहे। टीम ने सरसों तेल की निर्माण इकाइयों पर छापामार कार्रवाई की।
मै. घनश्याम ऑयल मिल्स, साइट बी, इंडस्ट्रियल एरिया से सरसों तेल व सरसों दाने के नमूने लेकर 718 किग्रा सरसों का तेल सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 96,930 रुपये बताई गई है।
दलवीर सिंह खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा छाता क्षेत्र से बेसन लड्डू, मिश्रित दूध व पनीर के नमूने लिए गए तथा अस्वास्थ्यकर दशाओं में रखे गए करीब 200 किग्रा पनीर (अनुमानित मूल्य 48 हजार रुपये) को मौके पर नष्ट कराया गया।
भरत सिंह खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा धौलीप्याऊ क्षेत्र से मोतीकंद मिठाई का नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त मै. एग्रो ग्लोबल लिमिटेड, साइट बी मथुरा से साबुत सरसों बीज व सरसों तेल, मै. शिव ऑयल एंड दाल मिल्स, नई अनाज मंडी कोसीकलां से सरसों तेल के दो नमूने तथा मै. हरी ऑयल एंड जनरल मिल्स, एनएच-2 मथुरा से सरसों तेल के दो नमूने लिए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि कुल 12 खाद्य नमूने राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।