गोवर्धन रोड पर ‘बाबा का बुलडोजर’ स्टाइल एक्शन: 35,000 वर्ग मीटर में फैली अवैध कॉलोनी सील

​MVDA की बड़ी स्ट्राइक: बिना नक्शा पास कराए बन रहे थे 12 विला और वॉच टावर, प्रशासन ने जड़ा ताला

​गोवर्धन (मथुरा)। अवैध निर्माण और बिना अनुमति के कॉलोनी काटने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने अपना हंटर चला दिया है। गोवर्धन रोड पर नहर के समीप लगभग 35,000 वर्ग मीटर के विशाल क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कॉलोनी को सोमवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी तरह सील कर दिया गया।
​जानकारी के अनुसार श्याम सिंह और हेमंत अग्रवाल द्वारा इस बड़े भू-भाग पर बिना किसी मानचित्र स्वीकृति के सड़क, बाउंड्रीवाल और बिजली के पोल खड़े कर अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। प्राधिकरण ने इस मामले में उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धाराओं के तहत वाद संख्या एम.टी.डी.ए./जेड-2/ए.एन.आई./2025/0000633 योजित किया था।
​हैरानी की बात यह है कि सुनवाई की तारीखों पर निर्माणकर्ता न तो उपस्थित हुए और न ही कोई जवाब पेश किया। प्रशासन की चेतावनियों को ठेंगा दिखाते हुए स्थल पर 12 कॉटेज (विला), वॉच टावर, ऑफिस और कॉलोनी के गेट बनाने का काम धड़ल्ले से जारी रहा। सोमवार को प्राधिकरण उपाध्यक्ष के कड़े निर्देशों के अनुपालन में सचिव आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में प्राधिकरण का प्रवर्तन दल मौके पर पहुँचा। गोवर्धन थाना पुलिस के साथ मिलकर टीम ने पूरे स्थल की घेराबंदी की और निर्माणाधीन सभी 12 कॉटेज, वॉच टावर और ऑफिस को सील बंद कर दिया।
​सचिव ने चेतावनी दी हैं कि अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो लोग बिना नक्शा पास कराए कॉलोनी काट रहे हैं या निर्माण कर रहे हैं, उनके खिलाफ ऐसी ही कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।