राज्य स्तरीय शैक्षिक नवाचार कार्यशाला में मथुरा के शिक्षक करनपाल सिंह सम्मानित , ‘पॉकेट डायरी’ नवाचार की हुई सराहना
मथुरा/ चंदौसी । शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश द्वारा सामाजिक विज्ञान विषय की राज्य स्तरीय शैक्षिक नवाचार कार्यशाला का आयोजन चन्दौसी में किया गया। इस कार्यशाला में प्रदेश भर से आए शिक्षकों ने अपने-अपने नवाचारों का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया और शिक्षा को अधिक रोचक व प्रभावी बनाने के प्रयास साझा किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त रहे। विशिष्ट अतिथियों में अलका शर्मा, संजय रुस्तगी, भुवनेश राघव, अनिल यादव, राशिद अली, डॉ. सुरभि यादव, स्वाती गुप्ता, डॉ. कमल किशोर तथा मनोज कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यशाला में प्रदेश के 50 से अधिक शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक नवाचारों के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में जनपद मथुरा के उच्च प्राथमिक विद्यालय शेरनी (कक्षा 1 से 8), राया के शिक्षक करनपाल सिंह को सामाजिक विज्ञान विषय में उनके अभिनव प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। करनपाल सिंह ने सामाजिक विज्ञान विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण देते हुए अपने नवाचार “पॉकेट डायरी” के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह डायरी विद्यार्थियों में नियमित अध्ययन, तथ्य संकलन और स्व-अध्ययन की आदत विकसित करने में सहायक है। उन्होंने अपनी यह नवाचारी पॉकेट डायरी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा एवं प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के साथ उपस्थित सभी शिक्षकों को भेंट की।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने करनपाल सिंह के इस नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार नए-नए शैक्षिक प्रयोग करते रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों में नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा को अधिक प्रभावी, रुचिकर और उपयोगी बनाना रहा।