मेहंदीपुर बालाजी में 6 दिवसीय होली महोत्सव 27 फरवरी से, श्रद्धालुओं की सुविधा-सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

मेहंदीपुर (दौसा)। विश्वप्रसिद्ध श्री मेहंदीपुर बालाजी धाम में इस वर्ष 6 दिवसीय होली महोत्सव का आयोजन 27 फरवरी से 4 मार्च तक किया जाएगा। महोत्सव के दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा गार्डों की तैनाती की जाएगी। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अलग-अलग दर्शन लाइनें बनाई जाएंगी। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुलभ शौचालय, साफ-सफाई तथा एंबुलेंस की विशेष व्यवस्था रहेगी।
मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जाएगी। पुलिस जाप्ते की तैनाती के साथ-साथ कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए प्रशासन ने दौसा और करौली जिला प्रशासन को पत्र लिखकर अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में दर्शन कर सकें, इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। 27 फरवरी से प्रारंभ होने वाला यह 6 दिवसीय होली महोत्सव 4 मार्च तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन विशेष धार्मिक आयोजन होंगे।