मथुरा में मिलावटखोरों पर ‘प्रशासन का हंटर’: होली से पहले भारी मात्रा में दूषित मिल्क केक नष्ट, घी जब्त !

​मथुरा। रंगों के महापर्व होली और विश्वप्रसिद्ध रंगोत्सव के मद्देनजर जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपना ली है। जिलाधिकारी सीपी सिंह के कड़े निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जिले भर में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। शनिवार को सचल दल ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर दूषित खाद्य पदार्थों को जब्त करने और नष्ट करने की बड़ी कार्रवाई की।

​वृंदावन में 80 किलो ‘जहरीला’ मिल्क केक नष्ट

​अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना शर्मा ने वृंदावन में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने यहाँ से मिल्क केक का नमूना लेते हुए लगभग 12,000 रुपये कीमत का 80 किलोग्राम दूषित मिल्क केक मौके पर ही नष्ट कराया, जिससे त्यौहारों पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ न हो सके।

​कस्बा अड़ींग में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहर सिंह कुशवाह ने घी के संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की। यहाँ से घी का नमूना संग्रहित करने के साथ ही 10,500 रुपये मूल्य का 15 किलोग्राम घी जब्त किया गया।

​ओल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह ने पनीर का नमूना लिया। नया बस स्टैंड: खाद्य सुरक्षा अधिकारी भरत सिंह ने पेड़ा का नमूना भरा।

​सहायक आयुक्त (खाद्य) धीरेन्द्र प्रताप सिंह के कुशल निर्देशन में चले इस अभियान में कुल 4 प्रमुख नमूने लिए गए। विभाग का कहना है कि इन सभी नमूनों को राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों और कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने आम जनता से भी अपील की है कि त्यौहारों के समय चमक-धमक वाली और अत्यधिक रंगीन मिठाइयों को खरीदने से बचें और शुद्धता के प्रति सतर्क रहें।