मथुरा जेल में DM-SSP का औचक निरीक्षण: बैरकों में जाकर टटोली बंदियों की नब्ज, खाने की गुणवत्ता देख परखी व्यवस्थाएं

​मथुरा । जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर जेल की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने बैरकों से लेकर रसोई घर (पाकशाला) तक का बारीकी से निरीक्षण किया और बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना।

​निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले जेल चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती बीमार बंदियों से उनके स्वास्थ्य और मिल रहे उपचार के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने पाकशाला का रुख किया और बंदियों के लिए बन रहे भोजन की गुणवत्ता को स्वयं चेक किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंदियों को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक और साफ-सुथरा भोजन उपलब्ध कराया जाए।

​डीएम और एसएसपी ने जेल के सीसीटीवी कंट्रोल रूम से पूरे परिसर की निगरानी व्यवस्था को परखा। उन्होंने बैरकों में जाकर बंदियों से वार्ता की और उनकी कानूनी व व्यक्तिगत समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य होनी चाहिए और बंदियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ​इस अवसर पर जेल अधीक्षक अंशुमान गर्ग सहित जेल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।