मथुरा-वृंदावन के विकास पर सांसद हेमा मालिनी सख्त: जाम और अतिक्रमण पर मांगी रिपोर्ट, यमुना के ‘पुराने पत्थरों’ को छेड़ने पर जताई आपत्ति


मथुरा । ब्रज की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर सांसद हेमा मालिनी ने शनिवार को कड़ा रुख अख्तियार किया। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सांसद ने ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण, यमुना घाट निर्माण और जल जीवन मिशन की शिकायतों पर अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। बैठक में परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह सहित तमाम विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।

​यमुना घाट निर्माण में पुराने और मजबूत पत्थरों को न हटाए सिंचाई विभाग
​बैठक में सांसद ने यमुना तट पर चल रहे ‘रिवर फ्रंट डेवलपमेंट’ के कार्यों में हो रही गड़बड़ी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता से शिकायत मिल रही है कि नवीन घाट निर्माण के नाम पर पुराने और मजबूत पत्थरों को हटाया जा रहा है। इस पर परिषद उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने सख्त निर्देश दिए कि केवल क्षतिग्रस्त पत्थरों को ही बदला जाए और नए निर्माण में गुणवत्ता व एकरूपता का विशेष ध्यान रखा जाए।

​मथुरा-वृंदावन में नासूर बन चुकी जाम की समस्या पर सांसद ने नरहौली, गोवर्धन चौराहा, छटीकरा, भूतेश्वर और डीग गेट जैसे हॉटस्पॉट के लिए ठोस कार्ययोजना मांगी। हाईवे प्राधिकरण ने जब पुलों को चौड़ा करने का प्रस्ताव रखा, तो सांसद ने भरोसा दिलाया कि वे इस संदर्भ में केंद्रीय मंत्रालय स्तर पर स्वयं पैरवी कर बाधाओं को दूर कराएंगी। वहीं, अंतरराज्यीय बस स्टैंड के संचालन में आ रही तकनीकी दिक्कतों के लिए रोडवेज और NHAI को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए गए।

​ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों को बदहाल छोड़ने और पेयजल टंकियों के निर्माण में देरी पर सांसद ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और आमजन सीधे उनके कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

​ड्रोन से होगी नालों की निगरानी, चलेगा अतिक्रमण पर ‘पीला पंजा’
​यमुना शुद्धीकरण को लेकर जिलाधिकारी ने अभिनव पहल करते हुए निर्देश दिए कि मथुरा से वृंदावन तक ड्रोन से वीडियो फोटोग्राफी कराई जाए ताकि यमुना में गिर रहे एक-एक नाले की पहचान कर उन्हें टैप किया जा सके। साथ ही नगर निगम और विकास प्राधिकरण को संयुक्त रूप से शहर के स्थायी अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाने के आदेश दिए गए।

बैठक में एसएसपी श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, सीईओ सूरज पटेल, सीडीओ डॉ. पूजा गुप्ता, एमवीडीए उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन और सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।