बृज में होली का शंखनाद: रमण रेती में उड़ा श्रद्धा का गुलाल, DM और SSP ने श्रद्धालुओं संग खेली ‘सद्भाव’ की होली
मथुरा। ‘सब जग होरी, जा ब्रज होरी’ के उद्घोष के साथ कान्हा की नगरी में रंगों के महापर्व का विधिवत आगाज़ हो गया है। शनिवार को गोकुल स्थित विख्यात कार्ष्णि गुरुशरणानंद महाराज के रमण रेती आश्रम में होली महोत्सव का ऐसा भव्य रंग बरसा कि हर कोई सराबोर हो उठा। इस महोत्सव की खास बात यह रही कि यहाँ जिले के आला अधिकारियों ने पद की गरिमा और सुरक्षा के घेरे से बाहर निकलकर आम श्रद्धालुओं के साथ जमकर होली खेली और भाईचारे का संदेश दिया।
महोत्सव के दौरान जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने आश्रम पहुँचकर पहले संतों का आशीर्वाद लिया और फिर होली के हुड़दंग में शामिल हुए। जैसे ही दोनों अधिकारी जनसमूह के बीच पहुँचे श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ उन पर अबीर और गुलाल की वर्षा कर दी। जिलाधिकारी और एसएसपी ने भी मुस्कुराते हुए सभी का अभिवादन स्वीकार किया और श्रद्धालुओं पर गुलाल उड़ाकर होली की बधाई दी।
डीएम और एसएसपी का यह दोस्ताना अंदाज चर्चा का विषय बना रहा। उन्होंने भीड़ के बीच जाकर न केवल होली का आनंद लिया बल्कि जनता को सुरक्षित, सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने का संदेश भी दिया।
ज्ञात रहे कि डीएम चंद्र प्रकाश सिंह की मथुरा के इस पद पर रहते हुए यह दूसरी होली है। वे यहाँ की परंपराओं से भली-भांति परिचित हैं। एसएसपी श्लोक कुमार के लिए मथुरा में यह पहली होली का अनुभव है जिसे उन्होंने बेहद उत्साहजनक और भावविभोर करने वाला बताया।
रमण रेती की रेती (बालू) में जब टेसू के रंग और गुलाल की आंधी उड़ी तो पूरा आश्रम परिसर ‘राधे-राधे’ के उद्घोष से गूँज उठा। यहाँ देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत पर नृत्य किया। संतों के सान्निध्य में शुरू हुआ यह होली महोत्सव अब धीरे-धीरे पूरे जनपद में रंग जमाएगा।
होली की मस्ती के साथ-साथ पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के इस विश्व प्रसिद्ध उत्सव का आनंद ले सकें।