कमिश्नर नगेंद्र प्रताप ने ब्रज क्षेत्र की निर्माणाधीन परियोजनाओं का किया निरीक्षण

वृंदावन, बरसाना और गोवर्धन में कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया विशेष जोर

मथुरा । मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा जनपद में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने वृंदावन, बरसाना और गोवर्धन क्षेत्र में निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता, समयबद्धता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
गुरुवार को मंडलायुक्त ने सबसे पहले वृंदावन स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र के विस्तारीकरण कार्य का जायजा लिया। तीन ब्लॉकों में बन रहे भवन परिसर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।

इसके बाद बरसाना में निर्माणाधीन टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर (टीएफसी) एवं मल्टीलेवल पार्किंग परिसर का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यहां कार, बस और ई-रिक्शा पार्किंग की सुविधा के साथ-साथ श्रद्धालुओं के ठहरने हेतु डॉरमेट्री और कक्षों का निर्माण किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने सभी शौचालय ब्लॉकों में समुचित वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने, निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा आंतरिक और बाह्य विकास कार्य दो माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही फायर सेफ्टी के प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करने और प्रवेश द्वार के दोनों ओर बन रही दुकानों का कार्य भी समय पर पूरा करने को कहा।
कमई करहला ग्राम में निर्माणाधीन बृजनाथ समाधि स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य में गति लाने पर बल दिया। इसके उपरांत नंदगांव स्थित शनिदेव मंदिर के समीप विकसित हो रहे परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया गया। लगभग 2800 मीटर लंबे इस मार्ग के जीर्णोद्धार कार्य के अंतर्गत करीब 350 मीटर हिस्से में टाइल्स बिछाई जा रही हैं तथा किनारे कच्चा पाथवे विकसित किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर टाइल्स टूटी हुई और गैप अधूरे पाए जाने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और मानक के अनुरूप टाइल्स बिछाई जाएं। साथ ही पाथवे के किनारे मिट्टी को सुरक्षित रखने के लिए रिटेनिंग वॉल निर्माण, परिक्रमा मार्ग के मध्य स्थित विद्युत पोल को स्थानांतरित कराने हेतु संबंधित विभाग से समन्वय करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शौचालय निर्माण हेतु उपयुक्त स्थल चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।

मंडलायुक्त ने कहा कि ब्रज क्षेत्र में चल रहे विकास कार्य केवल निर्माण परियोजनाएं नहीं हैं, बल्कि ये आस्था, सुविधा और सुशासन के प्रतीक हैं। इन कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता