पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी से चंडीगढ़ में हाई अलर्ट, दिल्ली के तीन प्रमुख स्कूलों में भी ई-मेल से मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां तैनात
चंडीगढ़/दिल्ली । चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। इस सूचना के बाद सचिवालय प्रशासन और पुलिस बल में हड़कंप मच गया। एहतियातन पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और प्रवेश व निकास द्वारों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साइबर सेल की मदद से ई-मेल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह किसी की शरारत है या कोई गंभीर आतंकी साजिश।
राजधानी दिल्ली में भी आज सुबह तीन प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे अभिभावकों और बच्चों में दहशत फैल गई। द्वारका स्थित सीआरपीएफ पब्लिक स्कूल, सेंट थॉमस स्कूल और पश्चिम एन्क्लेव के डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल को ई-मेल के जरिए निशाना बनाने की बात कही गई। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा और पुलिस की टीमों ने स्कूलों को तुरंत खाली कराया और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इमरजेंसी टीमों द्वारा चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है।
यह पहली बार नहीं है जब पंजाब और दिल्ली के महत्वपूर्ण संस्थानों को ऐसी धमकियां मिली हैं। इससे पहले मोहाली के फोर्टिस अस्पताल को भी तब उड़ाने की धमकी दी गई थी, जब मुख्यमंत्री भगवंत मान वहां उपचाराधीन थे। लगातार मिल रही इन धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन ई-मेल्स के पीछे के मास्टरमाइंड को जल्द ही बेनकाब किया जाएगा और कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।