कोलंबो । भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। रविवार को टी20 विश्व कप 2026 का रोमांचक मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर पाकिस्तान ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। ईशान किशन की तूफानी अर्धशतकीय पारी की मदद से टीम इंडिया ने 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 10 विकेट पर 114 रन ही बना पाई। मौजूदा टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार तीसरी जीत है। वहीं, इस जीत के साथ सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम ग्रुप ए की अंक तालिका में शीर्ष पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंच गई।
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत झटके के साथ हुई। शुरुआती दो ओवरों में ही उनके तीन विकेट गिर गए। पहले ओवर में हार्दिक पांड्या ने साहिबजादा फरहान को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद पारी का दूसरा ओवर फेंकने आए बुमराह ने सईम अयूब (6) और कप्तान सलमान अली आगा (4) को पवेलियन की राह दिखाई। पाकिस्तान के लिए इस मैच में उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रनों की पारी खेली जबकि सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। भारत के लिए हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने एक-एक सफलता हासिल की।
भारत ने ईशान किशन के अर्धशतक की मदद से पाकिस्तान के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा था । भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। भारत के लिए ईशान किशन ने अर्धशतक लगाया। दिलचस्प बात यह रही कि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ इस मैच में 18 ओवर स्पिनर्स से कराए। भारत की ओर से ईशान ने 40 गेंदों पर 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 77 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 32 रन बनाए।
भारत के लिए शिवम दुबे 27 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा ने 25 रन बनाए। रिंकू सिंह चार गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के लिए सईम अयूब ने तीन विकेट झटके, जबकि सलमान आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक को एक-एक विकेट मिले।