प्रयागराज : अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि को हर हर महादेव के जय घोष से शुरू हुआ स्नान, उमड़ा जनसैलाब

प्रयागराज । विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज माघ मेला के अंतिम महत्वपूर्ण स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर पावन त्रिवेणी में शुभमुहूर्त में हर-हर महादेव के जय घोष से आस्था की डुबकी शुरू हो गई। रविवार भोर से ही संगम सहित सभी घाटों पर श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ पड़ा । सुरक्षा के मद्देनजर जल पुलिस एवं प्रशिक्षित गोताखोर, नाविक व एसडीआरएफ की टीमें लगी हुई हैं। इसके साथ ही सभी घाटों की सीसीटीवी कैमरे एवं एआई से लगातार पुलिस के अधिकारी निगरानी कर रहे हैं।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पतित पावनी मां गंगा एवं यमुना और अन्त:सलीला सरस्वती के पावन संगम में रविवार भोर से हर-हर महादेव के जय घोष के साथ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। आस्था की डुबकी के बाद मां गंगा की पूजा अर्चना एवं आरती करने के बाद बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए संगम तट पर स्थित शिव मंदिरों में जलाभिषेक कर रहे हैं। भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए मनकामेश्वर, नागवासुकी मंदिर, शंकर विमान मंडपम, ब्रह्मेश्वर महादेव, पांडेश्वर महादेव मंदिर, कोटेश्वर महादेव, सहित प्रयागराज में स्थित सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है।