Mathura News : छटीकरा–राधाकुंड मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बस पेड़ से टकराई; छह यात्री घायल

मथुरा । छटीकरा से राधाकुंड जाने वाले मार्ग पर गांव राल के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बस में सवार छह यात्री ज्यादा घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अचानक संतुलन खो बैठी, जिससे चालक उसे नियंत्रित नहीं कर सका और बस सीधे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को सरकारी एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज गति अथवा चालक की लापरवाही माना जा रहा है।