मथुरा। आगामी पर्वों एवं विशेष अवसरों के दृष्टिगत शनिवार को प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से मंदिर क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, सुगम यातायात प्रबंधन, संभावित भीड़ नियंत्रण के उपायों तथा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी प्रणाली का गहन अवलोकन किया। अधिकारियों ने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए।
श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम और यातायात को सुव्यवस्थित रखने हेतु आवश्यक कार्ययोजना पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ रखने के लिए शासन की मंशा के अनुरूप समस्त आवश्यक कार्यवाही समय रहते सुनिश्चित की जाए। इस दौरान सुरक्षा घेरे को और अधिक प्रभावी बनाने तथा तकनीकी निगरानी को चौबीस घंटे सक्रिय रखने पर विशेष बल दिया गया। निरीक्षण के दौरान श्री कृष्ण जन्म स्थान के सचिव कपिल शर्मा ने अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी।