महाशिवरात्रि व होली को लेकर मथुरा में हाई अलर्ट, एंटी-सबोटाज टीम व बम निरोधक दस्ते का विशेष चेकिंग अभियान
मथुरा । प्रमुख त्योहारों महाशिवरात्रि एवं होली के शांतिपूर्ण व सुरक्षित आयोजन को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशानुसार जनपद में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में आज एंटी-सबोटाज टीम एवं बम निरोधक दस्ता द्वारा सार्वजनिक तथा भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस की सुरक्षा टीमों ने शहर के प्रमुख प्रवेश द्वारों एवं व्यापारिक केंद्रों जैसे होली गेट व डीग गेट पर सघन तलाशी अभियान चलाया।
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुराना बस स्टैंड, नया बस स्टैंड, मथुरा छावनी तथा मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर डॉग स्क्वॉड और आधुनिक उपकरणों की मदद से गहन जांच की गई।
इस संबंध में एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि को रोकना तथा आम जनमानस में सुरक्षा का भाव जागृत करना है। मथुरा पुलिस प्रशासन द्वारा स्थानीय निवासियों एवं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सकें।