मथुरा में महाशिवरात्रि पर बिजली विभाग सतर्क, मंदिर क्षेत्रों में विद्युत बॉक्स किए गए सुरक्षित

मथुरा।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर विद्युत निगम की सक्रियता बढ़ गई है। भगवान शिव के जलाभिषेक एवं दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर क्षेत्रों में लगे विद्युत बॉक्सों को प्लास्टिक की पॉलीथिन से कवर कराया जा रहा है। शनिवार को रंगेश्वर एवं भूतेश्वर मंदिर क्षेत्रों में दिनभर यह कार्य कराया गया।
महाशिवरात्रि को लेकर अधीक्षण अभियंता मुदित तिवारी ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि रंगेश्वर मंदिर, भूतेश्वर मंदिर सहित सभी प्रमुख शिव मंदिरों के आसपास लगे विद्युत बॉक्सों की जांच कराई जाए। खुले बॉक्सों को तत्काल बंद कराया जाए तथा सुरक्षा की दृष्टि से उन पर प्लास्टिक की पन्नी चढ़ाई जाए।
इसी क्रम में रंगेश्वर, भूतेश्वर सहित अन्य शिव मंदिरों के आसपास लगे विद्युत बॉक्सों पर कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने प्लास्टिक की पन्नी चढ़ाई। क्षेत्रीय अभियंता मौके पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी करते रहे और आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
विद्युत निगम द्वारा किए जा रहे इन सुरक्षा उपायों से महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।