वृंदावन: ठा. बांकेबिहारी मंदिर में अब ‘रेलिंग’ के अंदर से होंगे दर्शन, भीड़ नियंत्रण के लिए नई व्यवस्था लागू

वृंदावन । विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए एक बड़ा बदलाव किया गया है। मंदिर प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्टील की स्थाई रेलिंग लगाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। अब मंदिर में प्रवेश से लेकर निकास तक श्रद्धालु एक व्यवस्थित कतार  में रहकर ही आराध्य के दर्शन कर सकेंगे।

 

नई व्यवस्था के तहत अब मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं का अनावश्यक ठहराव खत्म हो गया है। श्रद्धालु प्रवेश द्वार संख्या 4 और 5 से रेलिंग में प्रवेश करेंगे और चलते हुए ठाकुर जी के दर्शन कर सीधे निकास द्वार की ओर बढ़ेंगे। सुप्रीम कोर्ट की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति के आदेश पर मेरठ की कनिका कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा इन विशेष स्टील रेलिंग को तैयार किया गया है।

 

गौरतलब है कि एक महीने पहले भी यहाँ ट्रायल किया गया था, जिसमें कुछ तकनीकी दिक्कतें आई थीं। अब उन सभी खामियों को दूर कर पूरी मजबूती के साथ रेलिंग इंस्टॉल कर दी गई हैं। मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य दिनेश गोस्वामी के अनुसार इस रेलिंग व्यवस्था से मंदिर के बाहर गलियों में लगने वाला लंबा इंतजार कम होगा और धक्का-मुक्की जैसी स्थितियों पर लगाम लगेगी।
शनिवार सुबह जब मंदिर के पट खुले तो श्रद्धालु इस नई व्यवस्था को देखकर उत्साहित नजर आए। रेलिंग लग जाने से अब कतारें अनुशासित हैं जिससे बच्चों और बुजुर्गों को दर्शन करने में पहले के मुकाबले काफी आसानी हो रही है। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मंदिर आने वाले भक्तों से अनुरोध किया है कि वे रेलिंग के भीतर कतारबद्ध रहें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें ताकि दर्शन सुगम बने रहें।