मंडी, ट्रॉमा सेंटर, फोरलेन सड़क, महाविद्यालय व सुरीर कट निर्माण की उठी मांग
नौहझील। मांट विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर क्षेत्रीय विधायक द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, किसानों की समस्याओं के समाधान, शिक्षा एवं स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने सहित कई लंबित विकास योजनाओं को प्राथमिकता से पूर्ण कराए जाने का आग्रह किया गया।
भेंट के दौरान पानीगांव ग्राम पंचायत को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र से बाहर किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई, ताकि क्षेत्र का संतुलित विकास हो सके और स्थानीय किसानों व ग्रामीणों को राहत मिल सके। इसके साथ ही मांट विधानसभा क्षेत्र में किसानों की सुविधा के लिए पूर्व से प्रस्तावित एवं लंबित मंडी निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की आवश्यकता भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रस्तावित ट्रॉमा सेंटर की स्थापना प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने का आग्रह किया गया। वहीं छाता–शेरगढ़–नौहझील–गौतम मार्ग (अलीगढ़–गाजियाबाद दौरऊ मोड़) को फोरलेन किए जाने की बहुप्रतीक्षित मांग दोहराई गई, जिससे यातायात व्यवस्था सुदृढ़ हो और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
विधायक श्री चौधरी ने उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु नौहझील–बाजना क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही यमुना एक्सप्रेस वे पर सुरीर कट निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को पुनः मजबूती से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। नौहझील में लंबित डिपो निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने की आवश्यकता भी बताई गई।
इसके अतिरिक्त मांट विधानसभा क्षेत्र के धनगर बघेल समाज के लोगों को अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग को भी पुनः उठाया गया और इस विषय में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस शिष्टाचार भेंट से क्षेत्रवासियों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद और अधिक प्रबल हुई है।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.