नई दिल्ली । भारत ने नामीबिया को 93 रन से हरा दिया। गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप के ग्रुप मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन और हार्दिक पांड्या की दमदार अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 209 रन बनाए। जवाब में नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 10 विकेट पर 116 रन ही बना सकी। यह भारत की रनों के अंतर से टी20 विश्व कप में सबसे बड़ी जीत है।
210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया को लॉरेन स्टीनकैम्प और यान फ्राइलिंक ने अच्छी शुरुआत दिलाई थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी हुई, जिसे अर्शदीप सिंह ने तोड़ा। फ्राइलिंक 22 रन बनाकर आउट हुए जबकि स्टीनकैम्प 29 रन बना सके। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने अपना दम दिखाया और नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मेहमानों की कमर तोड़ दी। उनके छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट लिए दबकि हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को दो-दो सफलताएं मिलीं। इसके अलावा अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह को एक-एक विकेट मिला।
मौजूदा टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले टीम ने टी20 विश्व कप के अपने पहले मैच में अमेरिका को हराकर शानदार तरीके से अभियान की शुरुआत की थी। अब भारत की नजरें रविवार (15 फरवरी) को पाकिस्तान के खिलाफ मैच पर है।