एलआईसी कर्मचारियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल, मथुरा में ठप रहा कामकाज

केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ गरजे कर्मचारी, जोरदार नारेबाजी

मथुरा । केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, कर्मचारियों की राष्ट्रीय फेडरेशनों एवं ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन के राष्ट्रीय आह्वान पर आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के तहत मथुरा में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। हड़ताल के चलते एलआईसी की शाखाओं में कोई लेन-देन नहीं हुआ और कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा ।

चंद्रपुरी स्थित एलआईसी शाखा द्वितीय पर एकत्रित कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने जीवन बीमा निगम में भर्ती पर लगी रोक हटाने, प्रबंधन के साथ नियमित वार्ता सुनिश्चित करने तथा बीमा उद्योग को कमजोर करने वाली केंद्र सरकार की नीतियों को वापस लेने की मांग की। इस अवसर पर वरिष्ठ श्रमिक नेता रवि प्रकाश भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आज देशभर के कर्मचारी, मजदूर और किसान एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हड़ताल की प्रमुख मांगों में श्रमिकों को ₹26,000 प्रतिमाह न्यूनतम वेतन, किसानों को ₹10,000 प्रतिमाह पेंशन, महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण, नई भर्तियों पर लगी रोक हटाकर रोजगार के अवसर सुनिश्चित करना, पुरानी पेंशन योजना की बहाली तथा केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण की नीतियों को वापस लेना शामिल है।

उन्होंने कहा कि श्रमिक विरोधी नए लेबर कोड और हाल ही में की गई ट्रेड डील का भी जोरदार विरोध किया गया है। हड़ताल में मंडल संयुक्त सचिव भूपेंद्र सैनी, शाखा सचिव बालमुकुंद तिवारी, शाखा प्रथम के अध्यक्ष अनिल कुमार रावत, कुलभूषण शर्मा, सत्येंद्र कुमार, गोकुल चंद, मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में एलआईसी कर्मचारी मौजूद रहे।