बरसाना।
लड्डू होली और लठामार होली के मद्देनजर बरसाना में प्रशासनिक तैयारियां चरम पर पहुंच गई हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने गुरुवार को मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों और मंदिर प्रबंधन के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
24 फरवरी को लड्डू होली एवं 25 फरवरी को लठामार होली आयोजित होगी। इसी दिन रंगोत्सव के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरसाना आगमन की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात को लेकर विशेष रणनीति बनाई जा रही है।
14 फरवरी को कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण तीर्थ विकास परिषद सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
मौके पर अपर जिलाधिकारी (वित्त) पंकज वर्मा, विकास प्राधिकरण सचिव आशीष कुमार सिंह उप जिलाधिकारी प्राजक्ता सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं परंपराओं के निर्वहन पर विशेष जोर दिया गया।
उल्लेखनीय रहे कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान जिलाधिकारी सीपी सिंह से बृज की होली की तैयारी के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई थी।