मथुरा: सीएम ग्रिड योजना से संवरेगा शहर, ₹30 करोड़ की सड़क का महापौर ने किया शिलान्यास

​नगर आयुक्त ने दिए निर्देश- निर्माण के दौरान सुचारू रहे आवागमन, जनता को न हो परेशानी, ​जाम से मिलेगी राहत, सुधरेगी शहर की सूरत

​मथुरा। कार्यालय संवाददाता

कान्हा की नगरी को जाम के झंझट से मुक्ति दिलाने और सड़कों को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना के तहत भूतेश्वर तिराहा से लेकर मसानी चौराहा (अग्रसेन चौक) तक बनने वाली भव्य सड़क का बुधवार को शिलान्यास किया गया। करीब 30 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार होने वाली इस सड़क का शुभारंभ महापौर विनोद अग्रवाल ने विधि-विधान से नारियल फोड़कर और पूजा-अर्चना के साथ किया।

शिलान्यास के अवसर पर महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि यह मार्ग शहर की लाइफलाइन है। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल स्थानीय निवासियों को बल्कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। नगर आयुक्त जगप्रवेश ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा विकास कार्य जरूरी हैं लेकिन जनता की सुविधा हमारी प्राथमिकता है।
​शिलान्यास कार्यक्रम का संचालन सहायक अभियंता शशांक शर्मा ने किया, जबकि मुख्य अभियंता (निर्माण) तुषार चौहान ने उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया। महंत गोपालाचार्य ने मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजू यादव, एबीवीपी के पूर्व प्रांत अध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी, महापौर प्रतिनिधि अंकुर अग्रवाल, हरिओम शर्मा एडवोकेट, प्रमोद बंसल, पार्षद राकेश भाटिया, नीरज वशिष्ठ, कुंजबिहारी भारद्वाज, पार्षद ब्रजेश खरे, धर्मेश तिवारी, धनंजय लोधी, अंकुर गुर्जर, ब्रजेश अहेरिया, मुनेश दीक्षित, देवेंद्र कुमार, पवन लोधी समेत भारी संख्या में क्षेत्रवासी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।