नगर निगम ने अलग अलग वार्डों में शिविर लगाकर की हाउस टैक्स की वसूली
मुडैसी में आयोजित कैंप में 49 भवन स्वामियों ने जमा किए 5.69 लाख रुपये
मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा बकाया राजस्व वसूली और जनता को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से वार्डों में विशेष कर वसूली शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त जग प्रवेश (IAS) के निर्देशन में वार्ड संख्या-8 स्थित ग्राम मुडैसी में कैंप लगाया गया जहाँ विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी।
ग्राम मुडैसी में आयोजित इस कैंप के दौरान राजस्व टीम ने मौके पर ही 49 भवन स्वामियों से 5,69,80/- (पाँच लाख उनहत्तर हजार आठ सौ रुपये) का हाउस टैक्स वसूल किया। निगम की इस पहल से स्थानीय निवासियों को भी राहत मिली क्योंकि उन्हें टैक्स जमा करने के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़े। मौके पर ही बिलों का निस्तारण कर रसीदें प्रदान की गईं।
अभियान के दौरान मुख्य रूप से राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार, राजस्व लिपिक प्रेमपाल और कंप्यूटर ऑपरेटर सैफ मौजूद रहे। टीम ने क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को समय पर टैक्स जमा करने के लाभ बताए और भविष्य में होने वाली कानूनी कार्रवाई व जुर्माने के प्रति जागरूक भी किया।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया कि “नगर विकास के कार्यों को गति देने के लिए राजस्व संग्रह अनिवार्य है। निगम प्रशासन का प्रयास है कि जनता के द्वार पर ही उन्हें टैक्स जमा करने की सुविधा मिले। आगामी दिनों में अन्य वार्डों में भी इसी प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे। नागरिक जिम्मेदारी निभाते हुए अपने बकाया करों का भुगतान करें ताकि शहर में नागरिक सुविधाओं का और बेहतर विस्तार किया जा सके।