सामाजिक समरसता की मिसाल बना हकीमपुर, ग्राम प्रधान ने दलित बेटी की कराई भव्य शादी

मथुरा । जिले की ग्राम पंचायत हकीमपुर में सामाजिक समरसता और मानवता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। ग्राम प्रधान सूरजभान चौधरी ने एक दलित परिवार की अनाथ बेटी राधा की शादी को अपने निजी सहयोग एवं ग्रामीणों की सहभागिता से भव्य रूप से संपन्न कराया। शादी में घरेलू सामान (बर्तन, कपड़े, गहने) के साथ-साथ बारातियों के भोजन की पूरी व्यवस्था ग्राम प्रधान द्वारा की गई। इस नेक पहल से पूरे गांव में उत्सव और खुशी का माहौल रहा।

ग्राम प्रधान सूरजभान चौधरी ने बताया कि यह पुण्य कार्य उन्होंने अकेले नहीं बल्कि ग्रामीणों के सहयोग से किया है। उन्होंने कहा कि दलित बेटी राधा के माता-पिता का देहांत हो चुका है और उसका पालन-पोषण उसके भाई द्वारा किया जा रहा था। ऐसे में समाज का कर्तव्य है कि वह आगे आकर सहयोग करे। मनोज चौधरी ने कहा कि ग्राम प्रधान सूरजभान चौधरी की यह पहल सामाजिक एकता और भाईचारे का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि समाज में समानता और सहयोग की भावना आज भी जीवित है।

शादी समारोह में ग्रामीण हंसराज सिंह, पूर्व प्रधान पप्पू चौधरी, प्रधान प्रतिनिधि राम चौधरी, पिंटू सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने ग्राम प्रधान की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई और धन्यवाद दिया। यह आयोजन समाज में समानता, भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने वाला प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।