Pakistan vs USA: पाकिस्तान ने अमेरिका को 32 रनों से हराया, विश्व कप में दर्ज की लगातार दूसरी जीत

कोलंबो । उस्मान तारिक की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप में अमेरिका को 32 रनों से हराया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साहिबजादा फरहान के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 190 रन बनाए। जवाब में अमेरिका की टीम निर्धारित ओवर में आठ विकेट पर 158 रन ही बना सकी। अमेरिका के लिए शुभम रंजन ने अर्धशतक लगाया, लेकिन वह भी अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

अमेरिका की शुरुआत अच्छी रही और आंद्रिस और जहांगीर ने पहले विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की। आंद्रिस के आउट होने के साथ ही इस साझेदारी का अंत हुआ जो 13 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान मोनांक पटेल भी तीन बनाकर आउट हुए। जहांगीर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और 49 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद अमेरिका ने नियमित रूप से विकेट गंवाए। शुभम एक छोर पर टिके रहे और उन्होंने अर्धशतक लगाया, लेकिन अंत में वह भी आउट हो गए। शुभम ने 30 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। मिलिंद कुमार 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शुभम, मिलिंद और जहांगीर के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर सका। पाकिस्तान की ओर से उस्मान ने तीन विकेट लिए, जबकि शादाब खान को दो सफलता मिली। वहीं, शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद और मोहम्मद नवाज को एक-एक विकेट मिला।

पाकिस्तान के लिए फरहान ने शानदार बल्लेबाजी की और 41 गेंदों पर छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से 73 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए फरहान के अलावा बाबर आजम ने 32 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाए, जबकि शादाब खान ने 12 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। सईम अयूब 19, मोहम्मद नवाज पांच, सलमान आगा एक और फहीम अशरफ ने एक रन बनाए। वहीं, शाहीन अफरीदी नौ रन बनाकर नाबाद लौटे। अमेरिका की ओर से शाल्कविक के चार विकेटों के अलावा सौरव नेत्रवल्कर, मोहम्मद मोहसिन और हरमीत सिंह को एक-एक विकेट मिला।