मथुरा नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: 100 बड़े बकायेदार रडार पर, 55 को अंतिम अल्टीमेटम
लापरवाही पर गिरी गाज: वसूली न करने पर टैक्स कलेक्टर की रुकेगी इंक्रीमेंट, दो कर्मचारियों को चेतावनी
मथुरा। शहर में बकाया टैक्स वसूली को लेकर नगर निगम अब पूरी तरह ‘एक्शन मोड’ में आ गया है। नगर आयुक्त जग प्रवेश के कड़े रुख के बाद निगम ने 100 बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर ली है। इनमें से 55 को अंतिम सात दिन का नोटिस जारी कर दिया गया है। चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में टैक्स जमा नहीं हुआ, तो संपत्तियों की कुर्की और सीलिंग की जाएगी।
नगर आयुक्त के निर्देश पर सभी जोनों में चल रहे इस अभियान के दौरान गुरुवार को निगम की टीम ने मौके पर जाकर सख्ती दिखाई। इसके परिणामस्वरूप चन्द्रलोक: भवन संख्या 230/28 से ₹1,08,000 का चेक प्राप्त किया गया। गांधी नगर: भवन संख्या 276/44 से ₹1,01,000 की वसूली की गई।
शेष 45 बकायेदारों को भी अगले दो दिनों के भीतर नोटिस थमाने की तैयारी है। निगम की इस सख्ती से बड़े करदाताओं में हड़कंप मचा हुआ है।
शाम को अपर नगर आयुक्त के स्तर पर हुई समीक्षा बैठक में लक्ष्य पूरा न करने वाले कर्मचारियों पर गाज गिरी।
राकेश बाबू (कर संग्राहक) की पिछले तीन दिनों में शून्य वसूली पाए जाने पर उनकी एक वेतन वृद्धि (Increment) रोकने की संस्तुति नगर आयुक्त को भेजी गई है। सतेन्द्र एवं सुमित (कर्मचारी): लक्ष्य के अनुरूप काम न करने पर दोनों को कड़ी चेतावनी जारी की गई है।
“कर वसूली में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जो कर्मचारी लक्ष्य पूरा नहीं करेंगे, उन पर कार्रवाई तय है। बकायेदार जल्द से जल्द कर जमा करें, अन्यथा सीलिंग के लिए तैयार रहें।” >नगर आयुक्त जग प्रवेश