शादी की खुशियों में चली गोली फोटो विवाद में युवक घायल, मैरिज होम में मची अफरा-तफरी

मथुरा। थाना जैंत क्षेत्र के कस्बा चौमुहां स्थित एक मैरिज होम में शादी समारोह के दौरान फोटो खिंचवाने को लेकर हुए विवाद में फायरिंग हो गई। गोली लगने से लड़की पक्ष का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार सुरीर निवासी पीतांबर गुप्ता की बेटी ज्योति की शादी रविवार को चौमुहां निवासी अतुल के साथ आरके मैरिज होम में हो रही थी। दूल्हा पक्ष चौमुहां का निवासी होने के कारण कार्यक्रम वहीं आयोजित किया गया था। शादी समारोह में फोटोग्राफर लड़का पक्ष की ओर से बुलाया गया था। फोटो खिंचवाने को लेकर लड़की पक्ष और फोटोग्राफर के बीच कहासुनी हो गई जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लड़की पक्ष के सुरीर निवासी चिंटू के हाथ में जा लगी जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली चलने से समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई और मेहमान अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे।

सूचना मिलते ही थाना जैंत पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सिटी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका उपचार चल रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए गोली चलाने वाले समेत तीन लोगों को पकड़ लिया और उनके पास से तमंचा बरामद कर पुलिस को सौंप दिया।

थाना प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने बताया कि विवाद फोटो खींचने को लेकर हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले की जांच जारी है।