जागृति कला संगम का ब्रज धरोहर रंग यात्रा सम्मान समारोह संपन्न, साहित्यकारों और समाजसेवियों का हुआ नागरिक अभिनंदन
मथुरा। ब्रज प्रांत की साहित्यिक सांस्कृतिक एवं सामाजिक सेवा में समर्पित जागृति कला संगम द्वारा ब्रज धरोहर रंग यात्रा सम्मान पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शहनाई वादन के बाद वेदांत कौशिक के शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चारण से हुआ। सौरभ कौशिक एवं महिमा कौशिक ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्रख्यात कवि शिरोमणि एवं गीतकार पंडित रविंद्र मोहन त्रिपाठी को ब्रज धरोहर रंग यात्रा सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान रंग यात्रा के निदेशक पंडित लोकनाथ कौशिक एवं संस्था के पदाधिकारियों द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रज के सुविख्यात कवि एवं गीतकार राधा गोविंद पाठक ने की।
नागरिक अभिनंदन में जेपी शर्मा स्मृति मंच आगरा, दयाल कला मंची आगरा, जन सांस्कृतिक मंच आगरा, संत गया प्रसाद स्मारक मंडल श्रीधाम गोवर्धन, सेवायाम कथायाम रत्न मोती संस्कृत महाविद्यालय गोकुल, बृजेश जागृति रंग मंडल सहित अनेक संस्थाओं एवं समाजसेवियों ने मुख्य अतिथि पंडित रामेंद्र मोहन त्रिपाठी का सम्मान किया।
संस्था के निदेशक पंडित लोकेंद्र नाथ कौशिक ने बताया कि जागृति कला संगम अब तक 39 साहित्यकारों गीतकारों एवं विभिन्न विधाओं में योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित कर चुकी है और यह 40वां सम्मान समारोह है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कवि राधा गोविंद पाठक ने काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि पंडित रामेंद्र मोहन त्रिपाठी ने कहा कि जागृति कला संगम द्वारा किया गया यह सम्मान उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा ।
कार्यक्रम का सफल संचालन कवित्री वेणु उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर मनीष पाल अवधेश शर्मा अर्जुन सिंह अक्षय सत्संगी मृत्युंजय पाठक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।