दीनदयाल धाम में बलिदान दिवस पर उमड़ा जनसैलाब तीन दिवसीय कार्यक्रम का जोशीला आगाज छात्रों में भरा आत्मविश्वास
असफलता जीवन का अंत नहीं बल्कि सफलता की सीढ़ी: एसएसपी श्लोक कुमार
मथुरा। फरह स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय धाम में सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बलिदान दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का भव्य और जोशीले माहौल में शुभारंभ हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मशाल जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों और विचारों को नमन किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति और सेवा भाव का वातावरण नजर आया। पहले दिन खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें बच्चों ने उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एसएसपी श्लोक कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि असफलता जीवन का अंत नहीं बल्कि सफलता की सीढ़ी है। उन्होंने अपने संघर्षों का उदाहरण देते हुए बताया कि दो बार असफल होने के बाद तीसरे प्रयास में उनका यूपीएससी में चयन हुआ। उन्होंने छात्रों से कहा कि निरंतर मेहनत आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और टॉस उछालकर खेलकूद प्रतियोगिताओं का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस मौके पर समिति के मंत्री केशव कुमार शर्मा निदेशक सोनपाल प्रबंधक नरेन्द्र पाठक लोकेश्वर सिंह महीपाल सिंह सुरेश तरकर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत मंगलवार को विशाल चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा जबकि बुधवार को भव्य हिंदू सम्मेलन आयोजित होगा जिसमें आरएसएस के अखिल भारतीय विमर्श प्रमुख मुकुल कानितकर मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे।