केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का नाम लेकर 80 लाख की ठगी, मथुरा में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर

मथुरा। जनपद के थाना हाईवे क्षेत्र में रहने वाले खजान सिंह पुत्र जहान सिंह, निवासी 60 जमुना धाम ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का नाम इस्तेमाल कर की गई बड़ी ठगी का खुलासा किया है। पीड़ित के अनुसार आरोपी ने मंत्रालय में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे और उसके रिश्तेदारों से करीब 80 लाख रुपये ठग लिए।
पीड़ित खजान सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी हर्षित शर्मा पुत्र राजेश शर्मा, निवासी अंतापाड़ा मथुरा कई वर्षों से उसके संपर्क में था। आरोपी खुद को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का करीबी बताते हुए उनके मंत्रालय और कार्यालयों में नौकरी दिलाने का दावा करता रहा। इसी भरोसे में आकर खजान सिंह और उसके परिचितों ने उसे कुल 80 लाख रुपये दे दिए, जिसमें से 15 लाख रुपये आन लाइन दिए गए और शेष रकम नगद में दी गई।
जब काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी, तो खजान सिंह आरोपी को लेकर दिल्ली गया और केंद्रीय मंत्री से मिलवाया। वहां सच्चाई सामने आ गई कि आरोपी का मंत्री से कोई संबंध नहीं है। इसके बाद आरोपी ने पैसा लौटाने और अपनी कार देने का वादा किया, लेकिन न पैसा लौटाया और न ही कार दी।
पीड़ित के अनुसार आरोपी ने साजिश रचते हुए अपने साथियों राहुल शर्मा पुत्र शिवराम, निवासी असगर पुर हाईवे, मथुरा, चिंटू चौधरी निवासी नामालूम, मथुरा तथा एक अज्ञात व्यक्ति को भेजकर उसकी कार चोरी कराने का प्रयास कराया। यह घटना दिनांक 17 दिसंबर 2025 की रात करीब 11 बजे पीड़ित के घर पर हुई। सतर्कता के चलते चोरी की कोशिश नाकाम हो गई और आरोपी मौके पर पकड़ लिए गए, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है।
खजान सिंह का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने थाना हाईवे मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस ने मामले की जांच उप निरीक्षक दीपक नागर को सौंपी है। पूरे मामले में केंद्रीय मंत्री का नाम इस्तेमाल कर ठगी करने का आरोप सामने आने से राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई है।