मथुरा । शहर में बढ़ती यातायात समस्या अब आमजन के लिए गंभीर संकट बन चुकी है। विशेषकर भूतेश्वर चौराहा, डीग गेट और ईदगाह मार्ग पर लगने वाला जाम लोगों के लिए रोज़ की मुसीबत बन गया है। इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु रेलवे सलाहकार समिति मथुरा के सदस्य मिलन भाटिया द्वारा प्रशासन को पांच अहम सुझाव दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि भूतेश्वर तिराहे पर जाम का मुख्य कारण रेलवे लाइन के किनारे स्थित सिंचाई विभाग का कार्यालय है, जिसकी वजह से सड़क संकरी हो गई है। यदि यहां से लगभग 25 फीट चौड़ा और 70 फीट गहरा क्षेत्र अधिग्रहित कर मार्ग निकाला जाए तो भूतेश्वर पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिल सकती है और फायर स्टेशन तक सीधा नया मार्ग बन जाएगा।
डीग गेट पुलिस चौकी के पास लगा विद्युत ट्रांसफार्मर भी जाम का बड़ा कारण है। इसे नगर निगम की आजाद मार्केट स्थित खाली भूमि में स्थानांतरित किया जा सकता है, जिससे सड़क चौड़ी होगी और यातायात सुचारु होगा।
इसी तरह डीग गेट–ईदगाह मार्ग पर लगा दूसरा ट्रांसफार्मर भी जाम को बढ़ा रहा है, जिसे नगर निगम की आजाद मार्केट भूमि पर स्थानांतरित करने से डीग गेट तिराहे पर लगने वाला जाम काफी हद तक खत्म हो सकता है। उन्होंने बताया कि ईदगाह जाने वाले मार्ग पर वर्ष 1994 में बनी पुलिस सुरक्षा चौकी वर्षों से अनुपयोगी पड़ी है, जिसके कारण सड़क संकरी बनी हुई है और जाम की स्थिति बनी रहती है। यदि इस चौकी को हटाया जाए तो यातायात बाधा समाप्त हो सकती है।
इसके अतिरिक्त भूतेश्वर रेलवे अंडरपास के पास विद्युत विभाग की केबलें लगभग 7 फीट से अधिक क्षेत्र घेर रही हैं, जिन्हें भूमिगत (अंडरग्राउंड) करने पर मार्ग चौड़ा होगा और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। मिलन भाटिया ने कहा कि यदि इन पांचों बिंदुओं पर शीघ्र कार्य किया जाए तो मथुरा को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिल सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इन प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लिया जाए, जिससे आम जनता को रोज़ के ट्रैफिक जाम से निजात मिल सके।