यमुना पार पार्किंग से बांके बिहारी मंदिर तक बनेगा सस्पेंशन ब्रिज
जुगल घाट पर केबिल ब्रिज, रोप-वे व घाट सौंदर्यीकरण पर बनी कार्ययोजना
मथुरा।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र की अध्यक्षता में वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान भवन में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक संपन्न हुई।
बैठक में यमुना पार प्रस्तावित पार्किंग स्थल से ठाकुर बांके बिहारी मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए प्रस्तावित सस्पेंशन ब्रिज, यमुना घाटों के निर्माण, प्रस्तावित रोप-वे तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जुगल घाट पर केबिल ब्रिज निर्माण के साथ-साथ पार्किंग व्यवस्था, जनसुविधाएं, यातायात प्रबंधन तथा एकल मार्ग प्रणाली पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इसके साथ ही यमुना नदी के किनारे बने विभिन्न घाटों को सुंदर, आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने की कार्य योजना तैयार करने के निर्देश अधिशासी अभियंता सिंचाई को दिए गए।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रस्तावित परियोजनाओं की डिज़ाइन का स्क्रीन के माध्यम से प्रेज़ेंटेशन प्रस्तुत किया गया, जिसमें निर्माण की रूपरेखा तथा सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में उपरोक्त निर्माण कार्यों की प्रगति एवं भावी कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रशासन कटिबद्ध है। सुगम एवं सरल दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोपरि रखते हुए व्यवस्थाएं की जाएंगी, जिससे धार्मिक, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में मौजूद अधिकारी
बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह यीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेंद्र प्रताप ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक अधिशासी अभियंता सिंचाई राजेश कुमार अधिशासी अभियंता मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण प्रशांत कुमार तथा सेतु निगम, सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।