मांट से 2027 का बिगुल! राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का ऐलान – यूपी बना विकास की सुपरपावर, फिर बनेगी भाजपा सरकार
एक्सप्रेस वे किनारे उमड़ा जनसैलाब, जेसीबी से पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐतिहासिक स्वागत
मथुरा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को दिल्ली से एक्सप्रेस वे मार्ग से मथुरा पहुंचे। बाजना कट पर आयोजित विशाल जनसभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका उत्तर प्रदेश का पहला दौरा है और वह भी उस धरती पर जिसके वे कर्जदार हैं।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “2022 में मैं अपने मित्र राजेश चौधरी के लिए आपसे वोट मांगने आया था। आपने उन्हें विधायक बनाकर मुझे कर्जदार बना दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद मैंने केवल 24 घंटे पहले तय किया था कि मांट की जनता का आभार व्यक्त करूंगा और आज आप लोगों ने इतिहास रच दिया।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इतनी कम सूचना के बावजूद लाखों की संख्या में उमड़ी भीड़ ने यह साफ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में 2027 में फिर से भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा, “दिल्ली से एक्सप्रेसवे पर आते हुए ऐसा लग रहा था जैसे किसी विदेशी शहर में आ गए हों। उत्तर प्रदेश आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। 2027 के चुनाव में भाजपा की सरकार फिर बनेगी, इसका संदेश आज मांट की धरती से पूरे प्रदेश में चला गया है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सपना हम सबको मिलकर साकार करना है।
“आज मजदूरों को 125 दिन का रोजगार देकर उनका सम्मान बढ़ाया गया है। गरीब, किसान, मजदूर और युवा भाजपा की नीतियों से सीधे लाभान्वित हो रहे हैं।”
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने संबोधन में विधायक राजेश चौधरी की खुलकर प्रशंसा करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं और मांट क्षेत्र को नई पहचान दिला रहे हैं।
विधायक राजेश चौधरी का भावुक संबोधन
मांट क्षेत्र के युवा विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगमन उनके जीवन का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा, “10 मार्च 2022 को जब मैं विधायक बना, उसी दिन मांट गुलामी से आजाद हुआ। इस नौहवारी की पवित्र भूमि पर राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष का आगमन हम सबके लिए सौभाग्य की बात है। यह सब बांके बिहारी जी की कृपा और जनता के आशीर्वाद से संभव हुआ है।”
उन्होंने एक रोचक प्रसंग सुनाते हुए कहा कि मथुरा के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने उनसे पूछा था जो कि उन्हीं के निर्वाचन क्षेत्र के रहने वाले हैं किया नितिन नवीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले हैं मैने कहा हा सत्य बात सुनी है आपने।
स्वागत में टूटे रिकॉर्ड
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए सुबह 7 बजे से ही बाजना कट पर हजारों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
ढोल-नगाड़ों और ताशों की गूंज के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया।
दर्जनों जेसीबी मशीनों की कतार लगाकर पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा क्षेत्र फूलों से पट गया। यह दृश्य देखकर हर कोई रोमांचित हो उठा।
भारी जनसमूह देखकर राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित सभी भाजपा नेता बेहद प्रसन्न नजर आए और बार-बार जनता का आभार व्यक्त करते दिखे।
मंच पर दिखी दिग्गजों की ताकत
इस ऐतिहासिक जनसभा में भाजपा के कई बड़े नेता मौजूद रहे।
मंच पर कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण, पूर्व मंत्री अशोक कटियार, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, विधायक पूरन प्रकाश, हाथरस सांसद अनूप प्रधान, एमएलसी चौधरी ऋषिपाल सिंह, जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं में भी जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया और पूरा पंडाल “जय श्रीराम” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से गूंजता रहा।