पहाड़ों में बर्फबारी के बाद मैदान बर्फीली हवाओं से कांपे

नई दिल्ली/देहरादून/श्रीनगर/शिमला । पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद अब मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाओं से ठंड बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार सुबह तक बर्फबारी दर्ज की गई, जिसका असर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं पूर्वी राजस्थान में साफ दिखाई दे रहा है। ठंडी हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से गिरा है और लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। देश के मैदानी हिस्सों में सबसे ठंडा इलाका पंजाब का बठिंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान 5 से 9 डिग्री के बीच रहा, जो सामान्य से 2 से 4 डिग्री कम दर्ज किया गया है। पंजाब में न्यूनतम तापमान 1 से 4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 से 5 डिग्री कम है, जबकि हरियाणा में तापमान 2 से 5 डिग्री के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 से 4 डिग्री कम रहा।

पहाड़ी राज्यों के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर के ऊंचे क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 से 6 डिग्री कम रहा। बर्फबारी और ठंडी हवाओं के कारण इन इलाकों में ठंड और ज्यादा बढ़ गई है। ठंडी हवाओं और गिरते तापमान के कारण सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है।