रफ्तार का कहर: अनियंत्रित होकर पलटी ट्रॉली , मची चीख-पुकार; 108 एम्बुलेंस बनी देवदूत

​चौमुंहा (मथुरा)। परखम रोड पर शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एरोली मांट से पसोली की ओर जा रही एक ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। इस भीषण हादसे में ट्रॉली सवार सात लोग लहूलुहान हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची 108 एम्बुलेंस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुँचाया, जिससे समय रहते उनकी जान बचाई जा सकी। ​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉली की गति तेज थी और संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क के बीचों-बीच पलट गई। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मदद के लिए दौड़े। हादसे के कारण परखम रोड पर कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

​घटना की जानकारी मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा सक्रिय हो गई। बिना समय गंवाए एम्बुलेंस कर्मी मौके पर पहुँचे और घायलों को त्वरित प्राथमिक उपचार देते हुए अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों का कहना है कि यदि उपचार में थोड़ी भी देरी होती, तो स्थिति नाजुक हो सकती थी। ​हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान रूबी पुत्री राधा रमण, अनीता पत्नी तीर्थ राज, गुंजन पुत्री तीर्थ राज, सुमित पुत्र पप्पू, ऋषि पुत्र मुकेश, मुस्कान पुत्री प्रेमपाल और एक अन्य के रूप में हुई है। ​ प्राथमिक उपचार के बाद दो मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा रहा है।