नितिन नबीन निर्विरोध चुने गए भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है। नितिन नवीन निर्विरोध भाजपा अध्यक्ष चुने गए हैं। भाजपा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के अंतर्गत राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन की संवैधानिक और पारदर्शी प्रक्रिया पूर्ण हुई। 36 में से 30 राज्यों में संगठनात्मक चुनावों के बाद तय प्रक्रिया के अनुसार नामांकन, जांच और वापसी सम्पन्न हुई।

भाजपा संगठन पर्व के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण की ओर से जारी बयान में कहा गया है, नामांकन पत्रों की जांच के उपरांत सभी नामांकन पत्र निर्धारित प्रारूप के अनुसार तथा वैध पाए गए। नामांकन वापसी की अवधि पूर्ण होने के पश्चात, भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के रूप में यह घोषणा करता हूं कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद हेतु केवल एक ही नाम, अर्थात नितिन नवीन का नाम प्रस्तावित हुआ है। इसके बाद यह तय हो गया है कि नितिन नवीन ही भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं।

इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अपना समर्थन पत्र सौंपा । भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह के अलावा सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के अलावा धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव और किरेन रिजिजू जैसे वरिष्ठ पार्टी नेता भी नवीन के नामांकन के समय मौजूद रहे। ब

नितिन नवीन बिहार के एक अनुभवी नेता और पार्टी के मजबूत संगठनकर्ता माने जाते हैं। वे बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। इससे पहले वर्ष 2006 में उन्होंने पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से पहली बार बिहार विधानसभा में कदम रखा था। हाल ही में उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। अब वे पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं।