अंतर्राज्यीय गौ-तस्करी पर बड़ी कार्यवाही , कोसी पुलिस ने पिकअप समेत 3 तस्कर दबोचे

मथुरा। जनपद के थाना कोसीकलां पुलिस ने गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन अंतर्राज्यीय गौ-तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से दो गौवंश (गाय), दो अवैध बांक, तीन मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप गाड़ी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 18 जनवरी की रात्रि करीब 10:10 बजे मुखबिर की सूचना पर कामर से बिछोर जाने वाले रास्ते पर स्थित पुलिया के पास घेराबंदी कर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजू पुत्र छोटेलाल, वीरेंद्र कुमार पुत्र राकेश कुमार और अनिल कुमार पुत्र कृष्ण गोपाल के रूप में हुई है, तीनों आरोपी जनपद आगरा के थाना बरहन क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कोसीकलां पर धारा 5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम, धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। बरामद दोनों गायों को मौके से सुरक्षित निकालकर दुर्वासा ऋषि गऊशाला भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त अनिल कुमार का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है। उस पर पूर्व में गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास (307 IPC) और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मुकदमे जनपद हाथरस में दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति उजागर होती है। इस पूरी कार्रवाई को थाना कोसीकलां के प्रभारी निरीक्षक राजकमल सिंह उपनिरीक्षक रजनीश नैन के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।
पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से गौ-तस्करों में हड़कंप मचा है वहीं क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।