केप टाउन में हुए नेवी अभ्यास में शामिल नहीं हुआ भारत , विदेश मंत्रालय बोला- ‘यह रेगुलर ब्रिक्स गतिविधि नहीं है’

नई दिल्ली/केपटाउन । केपटाउन में हाल ही में एक नवल एक्सरसाइज का आयोजन किया गया था। भारत के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को इस संबंध में जानकारी दी कि केपटाउन टाउन में हाल ही में खत्म हुई नौसेना का अभ्यास पूरी तरह से दक्षिण अफ्रीका की पहल थी। इस अभ्यास में कुछ ब्रिक्स सदस्य देशों ने हिस्सा लिया था, लेकिन भारत शामिल नहीं हुआ।

‘एक्सरसाइज विल फॉर पीस 2026’ में भारत ने हिस्सा नहीं लिया। अभ्यास में भारत के शामिल न होने के कारणों पर विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में एक प्रेस रिलीज जारी किया और कहा कि तथाकथित ‘ब्रिक्स नेवल एक्सरसाइज’ में भारत के हिस्सा न लेने से जुड़े कमेंट्स पर मीडिया के सवालों के जवाब में एमईए के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने टिप्पणी की है।

रणधीर जायसवाल ने कहा, “हम साफ करना चाहते हैं कि जिस एक्सरसाइज की बात हो रही है, वह पूरी तरह से दक्षिण अफ्रीका की पहल थी, जिसमें कुछ ब्रिक्स सदस्यों ने हिस्सा लिया था। यह कोई रेगुलर या इंस्टीट्यूशनल ब्रिक्स गतिविधि नहीं थी, और न ही सभी ब्रिक्स सदस्यों ने इसमें हिस्सा लिया था। भारत ने पहले ऐसी गतिविधि में हिस्सा नहीं लिया है।” विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आगे कहा, “इस मामले में भारत जिस रेगुलर अभ्यास का हिस्सा है, वह आईबीएसएएमएआर मैरीटाइम एक्सरसाइज है जो भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका की नेवी को एक साथ लाती है। आईबीएसएएमएआर का पिछला संस्करण अक्टूबर 2024 में हुआ था।”