मथुरा बार एसो. के पूर्व अध्यक्ष के चैंबर में आगजनी, चुनावी माहौल में सनसनी

मथुरा। बार एसोसिएशन मथुरा के पूर्व अध्यक्ष सुशील शर्मा एडवोकेट के चैंबर में अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आगजनी की इस वारदात में उनके चैंबर में रखा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। घटना के बाद अधिवक्ता जगत में हड़कंप मच गया।

पूर्व अध्यक्ष सुशील शर्मा ने बताया कि उन्हें कुछ लोगों पर शंका है और वे शीघ्र ही पुलिस में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे। उनका कहना है कि यह घटना कुत्सित मानसिकता रखने वाले कतिपय विरोधी तत्वों द्वारा जानबूझकर अंजाम दी गई है।

बीती रात्रि हुई यह आगजनी की घटना पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही। खास बात यह रही कि जिस दिन यह वारदात हुई, उसी दिन मथुरा बार एसोसिएशन के चुनाव की मतगणना चल रही है जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है और उन्होंने इस मामले में शीघ्र खुलासे व दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।