यमुना एक्सप्रेसवे पर सख्ती का पहरा: 15वें दिन 297 चालान, बिना फर्स्ट एड–अग्निशमन यंत्र वाहन चलाने पर चेतावनी
मथुरा । सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सड़क सुरक्षा अभियान के 15वें दिन परिवहन विभाग ने यमुना एक्सप्रेसवे पर सघन प्रवर्तन कार्रवाई की। एआरटीओ प्रवर्तन राजेश राजपूत के नेतृत्व में यात्री वाहनों की व्यापक चेकिंग की गई, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
चेकिंग के दौरान एआरटीओ प्रवर्तन राजेश राजपूत ने समस्त बस व टैक्सी वाहन स्वामियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना फर्स्ट एड बॉक्स एवं अग्निशमन यंत्र के किसी भी स्थिति में वाहन का संचालन न किया जाए। उन्होंने यह भी सख्त चेतावनी दी कि एक्सप्रेसवे पर वाहन खड़ा करना पूर्णतः प्रतिबंधित है, वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं। इसी क्रम में यात्री कर अधिकारी सुश्री पूजा सिंह द्वारा भी प्रवर्तन के साथ-साथ जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें चालकों को यातायात नियमों के पालन एवं सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया।
संयुक्त प्रवर्तन टीमों ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कुल 297 चालान किए। वहीं, रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भारी वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप लगाए जाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई, ताकि अंधेरे में वाहनों की दृश्यता बढ़ाई जा सके।
परिवहन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से एक्सप्रेसवे पर अनुशासन और सुरक्षा को लेकर स्पष्ट संदेश गया है कि लापरवाही अब नहीं चलेगी।