अवैध कॉलोनाइजर्स पर चला प्राधिकरण का बुलडोजर , छटीकरा-वृंदावन रोड पर 12 हजार वर्ग मीटर में अवैध कॉलोनी जमींदोज
चौमुहां । अवैध कॉलोनियों के खिलाफ मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए छटीकरा–वृंदावन रोड पर विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजर्स में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सत्येंद्र, मुनेंद्र एवं त्रिवेणी देवी द्वारा बिना किसी वैधानिक अनुमति के भू-विभाजन कर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। कॉलोनी में सड़कें भी बना दी गई थीं। मामले की सुनवाई के बाद प्राधिकरण द्वारा 9 जुलाई 2025 को ही ध्वस्तीकरण के आदेश पारित कर दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समयावधि में निर्माणकर्ताओं ने स्वयं अवैध निर्माण नहीं हटाया।

इसके बाद प्राधिकरण ने कड़ा रुख अपनाते हुए बलपूर्वक कार्रवाई का निर्णय लिया। प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन के निर्देशानुसार और सचिव आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दल भारी पुलिस बल और मशीनों के साथ मौके पर पहुंचा। टीम ने करीब 12,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैली अवैध कॉलोनी, सड़कों और अन्य निर्माणों को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, वहीं अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों में खलबली मच गई। प्राधिकरण सचिव ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि अवैध प्लाटिंग, बिना स्वीकृति निर्माण और नियमों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ निरंतर और सख्त ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जाएगा। प्राधिकरण की इस बड़ी कार्रवाई को अवैध कॉलोनाइजर्स के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।