वृंदावन में सुरों और साधना का संगम: गायक कुमार सानू ने महाराज प्रेमानंद से की भेंट

वृंदावन।
बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक कुमार सानू ने वृंदावन पहुंचकर पूज्य महाराज प्रेमानंद से आत्मीय भेंट की। इस अवसर पर दोनों के बीच एकांतिक वार्तालाप हुआ, जिसमें भक्ति, संगीत और जीवन के आध्यात्मिक पक्षों पर गहन चर्चा की गई।
भेंट के दौरान कुमार सानू ने महाराज जी के समक्ष अपने कुछ चर्चित गीतों की मधुर प्रस्तुतियां दीं। सुरों की इस साधना ने वातावरण को भाव-विभोर कर दिया। महाराज परमानंद जी ने संगीत को ईश्वर की आराधना का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि सच्चे भाव से गाया गया स्वर सीधे आत्मा को स्पर्श करता है।
एकांत वार्ता में कुमार सानू ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि व्यस्त फिल्मी जीवन के बीच उन्हें वृंदावन आकर अद्भुत शांति और ऊर्जा की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि पूज्य महाराज जी का सान्निध्य उन्हें आंतरिक संतुलन और नई प्रेरणा प्रदान करता है।
महाराज प्रेमानंद ने कुमार सानू को भक्ति संगीत के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर आश्रम परिवार के चुनिंदा श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।
कुमार सानू की इस आध्यात्मिक यात्रा को वृंदावन में संगीत और साधना के अनुपम संगम के रूप में देखा जा रहा है जिसने श्रद्धालुओं और संगीत प्रेमियों को एक नई प्रेरणा दी